एक सप्ताह पहले मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाई,मृतक की हत्या उसके करीबी दोस्त ने ही महज 5 हजार रुपये चोरी होने के शक में की
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की हत्या उसके करीबी दोस्त ने ही महज 5 हजार रुपये चोरी होने के शक में की थी।
आरोपी ने पहले शराब पिलाई, फिर लकड़ी और ईंट से हमला किया तथा अंत में रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर शव को निर्माणाधीन मकान में छोड़ दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति कुम्भार ने बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 31 जुलाई को शिवनगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रांजिट कैंप पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान अनिल कुमार पुत्र स्व. सुभाष चंद्र, निवासी ठाकुर नगर, शिव मंदिर के पास, थाना ट्रांजिट कैंप के रूप में की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि अनिल की मौत गला दबाकर हत्या किए जाने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मृतक की गतिविधियों और उसके साथियों की पड़ताल शुरू की। जांच में पता चला कि घटना वाले दिन अनिल अपने तीन दोस्तों के साथ आजादनगर ट्रांजिट कैंप में शराब पी रहा था। कुछ देर बाद उसके दो साथी रोहित राजपूत और विजय वहां से चले गए, जबकि उसका करीबी दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का उसे अपने साथ ले गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनील कुमार उर्फ इक्का, निवासी शिवनगर वार्ड नंबर-2, ओम पब्लिक स्कूल के पास (मूल निवासी ग्राम सिडौरा, तहसील बिलारी, जिला मुरादाबाद) ने पहले से बनाई गई योजना के तहत अनिल को शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले जाकर दोबारा शराब पिलाई। इसके बाद लकड़ी की फंटी और ईंट से उस पर हमला किया और अंत में मौके पर पड़ी रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि अनिल ने उसके 5 हजार रुपये चोरी कर लिए थे। इसी रंजिश के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने रक्तरंजित नमूने सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। वहीं आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने सभी बरामद साक्ष्यों को वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


