वेज बिरयानी की दुकान में फ्रिज में 3 दिन से पड़ी थी 25 साल के लड़के की लाश, ये शनि रावत कौन जिसका नाम सामने आया
लखनऊ। बीकेटी इलाके में रविवार को एक खौफनाक वारदात सामने आई। जीसीआरजी कॉलेज गेट के सामने स्थित एक वेज बिरयानी की दुकान के फ्रिज के अंदर एक अज्ञात युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस के मुताबिक, रविवार (1 मार्च 2026) सुबह करीब 10:30 बजे डायल 112 के जरिए सूचना मिली थी कि एक दुकान के अंदर शव पड़ा है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि शनि रावत नामक व्यक्ति की बिरयानी की दुकान के फ्रिज में करीब 25 वर्षीय युवक का शव रखा हुआ है। दुकान जीसीआरजी कॉलेज के गेट के ठीक सामने स्थित है।
जांच में सामने आया है कि दुकान मालिक शनि रावत के पिता का तीन दिन पहले निधन हो गया था, जिस कारण दुकान बीते तीन दिनों से बंद थी। रविवार सुबह जब दुकान में हलचल हुई, तब इस भयावह घटना का खुलासा हुआ। शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं।
घटनास्थल का निरीक्षण डीसीपी उत्तरी, एडीसीपी उत्तरी और एसीपी बीकेटी ने किया। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, हालांकि अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है और शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
गौरतलब है कि फ्रिज में लाश मिलने की यह घटना हाल ही में सामने आए मानवेंद्र सिंह हत्याकांड की यादें ताजा कर रही है। आशियाना इलाके में 12 पैथोलॉजी के मालिक मानवेंद्र सिंह की उनके ही बेटे अक्षत प्रताप सिंह ने हत्या कर दी थी।
आरोपी ने शव के टुकड़े कर ड्रम में भरकर उन्हें नादरगंज और ट्रांसपोर्ट नगर के पास अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया था। उस मामले में घरेलू कलह और पारिवारिक विवाद को हत्या की वजह बताया गया था।
फिलहाल बीकेटी की इस ताजा घटना को लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

