ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

उत्तरकाशी जनपद के नौगांव बाजार में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है,

नगर पंचायत नौगांव में बादल फटने से बरसाती नालों के उफान पर आने से नौगांव बाजार में अफरा-तफरी मच गयी। गनीमत रही कि आवासीय क्षेत्रों से सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गये, इस कारण कोई जन हानि नहीं हुई।

वहीं, कई अन्य में मलबा व पानी घुस गया। बरसाती नालों के उफान पर चौपहिया व दोपहिया वाहन भी बहते नजर आये। इससे वार्ड तीन बाल्मीकि बस्ती खतरे में आ गयी है। वहीं, मुलाना गांव को जोड़ने वाला पुल भी बह गया है।

बता दें कि सीएम धामी ने राहत एवं बचाव कार्य को तेजी से करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने ट्वीट कर लिखा, ‘ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूँ।’

शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे नगर पंचायत नौगांव में ऊपरी क्षेत्रों में बादल फटने से देवलसारी खड्ड, नौगांव खड्ड, सौली खड्ड तथा मुूराड़ी खड्ड अचानक उफान पर आ गये। देवलसारी खड्ड के उफान पर आने से गैर गांव के फुलक सिंह रमोला का मकान पानी व मलबे की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया।

सरत सिंह रावत, लोकेश बडोनी, चमनी देवी के मकान में मलबा व पानी घुस गया। साथ ही विजयपाल चौहान, सुरेश व पानो देवी का मकान खतरे की जद में आया गया। नौगांव वार्ड तीन की बाल्मीकि बस्ती भी खतरे की जद में आ गयी। नौगांव खड्ड के उफान पर आने से बाजार में विजय राणा, ओम प्रकाश बंधानी, त्रेपन राणा, विनोद पंवार, संजय जैन, मुकेश नाई, राजेंद्र रावत आदि की दुकानों में पानी और मलबा भर गया।

तीनों खड्डों के उफनाने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा व पानी की नदी बहने से पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इसके अलावा मुलाना गांव के विपिन सिंह, सरदार सिंह का खेत भी बह गया।

साथ ही मुलाना गांव को जोड़ने वाला पुल भी बह गया। स्थानीय लोकेश बडोनी ने बताया कि दो मिक्सचर मशीन भी उफान में बह गयी। एक कार मलबे में डूब गयी। व्यापार मंडल अध्यक्ष जगदीश असवाल ने प्रशासन से आपदा प्रभावित परिवारों का जल्द सर्वे कर उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

नौगांव में बादल फटने की सूचना पर राजस्व विभाग, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर व एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेजने के निर्देश दिये गये हैं। मलबे से अवरुद्ध सड़क मार्ग को सुचारू करने के लिए लोनिवि को निर्देशित किया गया है। सभी परिवारों को सुरक्षित स्थान पर ठहराने के निर्देश दिए गये हैं।

यह भी पढ़ें :  खनिज परिवहन पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सख्त, बिना ढके वाहनों और नियम उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई

You missed

error: Content is protected !!