ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

उत्तराखंड के 112 से अधिक युवाओं का अग्निवीर के रूप में चयन, हल्द्वानी में हुआ सम्मान समारोह

हल्द्वानी। राजनाथ सिंह के हल्द्वानी आगमन पर उस समय भावुक और गौरवपूर्ण माहौल बन गया, जब देवभूमि उत्तराखंड से चयनित 112 से अधिक अग्निवीरों ने भारत माता की जय के नारों के साथ उनका स्वागत किया।

रक्षा मंत्री ने सभी चयनित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “भारत मां की रक्षा के लिए सेना में शामिल हो रहे आप सभी का भारतीय सेना में हार्दिक स्वागत है।”

इस अवसर पर पुष्कर सिंह धामी ने प्रतीक स्वरूप चयनित अग्निवीरों को तिलक लगाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और देश सेवा के मार्ग पर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।

यह सभी युवा यूथ फाउंडेशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर अग्निवीर भर्ती में चयनित हुए हैं। संस्था के अध्यक्ष अजय कोठियाल ने बताया कि इस बार फाउंडेशन के 752 अभ्यर्थियों में से 710 युवाओं का चयन अग्निवीर भर्ती में हुआ है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से यूथ फाउंडेशन उत्तराखंड के युवाओं को सेना में भर्ती के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराता है, जिसमें शारीरिक एवं लिखित परीक्षा की तैयारी शामिल होती है। अब तक संस्था के माध्यम से 15 हजार से अधिक युवाओं को सेना, अर्धसैनिक बलों और पुलिस सेवाओं में भेजा जा चुका है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कर्नल कोठियाल के इस राष्ट्र सेवा कार्य की सराहना करते हुए चयनित अग्निवीरों के साथ समूह फोटो भी खिंचवाई। 

उल्लेखनीय है कि कर्नल अजय कोठियाल माउंट एवरेस्ट विजेता रह चुके हैं और 2013 केदारनाथ आपदा के बाद केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण कार्यों में उनकी भूमिका को व्यापक रूप से सराहा गया था।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं और उनके परिजनों में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला, वहीं पूरे आयोजन ने उत्तराखंड की सैन्य परंपरा और देशभक्ति की भावना को एक बार फिर उजागर किया। 

यह भी पढ़ें :  असम, केरल, बंगाल, समेत पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों का ऐलान, जानें कब, कहां और कितने चरण में होगा मतदान
error: Content is protected !!