ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर अपराधों के त्वरित खुलासे के अभियान के तहत हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये का चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है।

पहला मामला रामपुर रोड स्थित बेड़ापोखरा, देवलचौड़ निवासी हेमंत सिंह के घर में चोरी का है। 8 जुलाई 2026 को अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर डेल कंपनी का लैपटॉप, 42 इंच की एलईडी टीवी, सोनी एंड्रॉयड मोबाइल, हैवेल्स सीलिंग फैन, मंदिर की पीली धातु की मूर्तियां, झूला, तांबे के पूजा पात्र तथा ट्रैकिंग बैग चोरी कर लिया था।

दूसरा मामला सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय हल्द्वानी का है, जहां अस्पताल परिसर से स्प्लिट एसी के आउटडोर कॉपर पाइप चोरी कर लिए गए थे। अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. खड़क सिंह दलाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

एसएसपी के निर्देशन, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर दोनों मामलों का खुलासा करते हुए रितिक बिष्ट उर्फ गोलू निवासी धारानौला, अल्मोड़ा तथा ऋषभ अग्रवाल निवासी फूलबट्टा, ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार किया।

जांच में सामने आया कि रितिक बिष्ट के खिलाफ चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

सफल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की, हेड कांस्टेबल इसरार नबी, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, कांस्टेबल धीरेन्द्र सिंह अधिकारी और कांस्टेबल अनिल टम्टा शामिल रहे।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए सभी पुलिसकर्मियों को 1,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

यह भी पढ़ें :  रामगढ़ में दिनदहाड़े खनन का आरोप, उठे कई सवाल: आखिर किसके संरक्षण में चल रहा खेल?

You missed

error: Content is protected !!