नैनीताल। जनपद नैनीताल के फायर स्टेशन मल्लीताल में तैनात फायरमैन जगजीत सिंह का कर्तव्य पालन के दौरान हुई वाहन दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया।
उनके असामयिक निधन से उत्तराखंड पुलिस एवं अग्निशमन विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, 22 जून 2026 की रात्रि ड्यूटी के दौरान हुए सड़क हादसे में जगजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
मंगलवार को हल्द्वानी स्थित मोर्चरी में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर एसएसपी ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि विभाग इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने परिवार को तात्कालिक सहायता राशि प्रदान करते हुए आश्रितों को सभी विभागीय सुविधाएं एवं देयकों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने का भरोसा दिया।
दिवंगत फायरमैन का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बाजावाला, बाजपुर ले जाया गया, जहां उन्हें पुलिस नियमों के अनुसार गार्ड ऑफ ऑनर के साथ पूरे राजकीय सम्मान से अंतिम विदाई दी जाएगी।
वर्ष 2007 में अग्निशमन विभाग में भर्ती हुए जगजीत सिंह ने लगभग 19 वर्षों की सेवा के दौरान उधमसिंहनगर, नैनीताल और चंपावत जनपदों में अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में वे फायर स्टेशन मल्लीताल में तैनात थे। अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के लिए वे विभाग में विशेष पहचान रखते थे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ प्रशिक्षु विनय सिंह, प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, अग्निशमन अधिकारी मिन्दरपाल सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस और अग्निशमन विभाग ने अपने इस जांबाज साथी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनकी आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।


