हल्द्वानी। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर, पूर्व वर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट के नेतृत्व में कन्या पूजन कार्यक्रम का गरिमामय एवं भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में नगर निगम के पर्यावरण मित्रों (स्वच्छता कर्मियों) के परिवारों से 208 कन्याओं को आमंत्रित कर विधि-विधान से पूजन किया गया।
कन्याओं को प्रसाद ग्रहण कराया गया तथा उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। इस दौरान पूरे वातावरण में श्रद्धा, सम्मान और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार देखने को मिला।
इस अवसर पर पूर्व महापौर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, राज्य मंत्री डॉ अनिल कपूर डब्बू, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट , जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा कंचन उप्रेती , अलका जीना , प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा भाजपा विजयलक्ष्मी चौहान , सांसद प्रतिनिधि हिमांशु मिश्रा , चंपा नेगी , पूर्व ब्लाक प्रमुख शांति भट्ट , पार्षद प्रमोद पंत, पार्षद तनुजा जोशी, पार्षद बिना चौहान , सम्मानित पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
महापौर गजराज बिष्ट ने कहा कि “नवरात्रि का यह पावन पर्व नारी शक्ति के सम्मान और आदर का संदेश देता है।
हमारे पर्यावरण मित्रों के परिवारों की कन्याओं का पूजन कर हम न केवल उनकी भूमिका का सम्मान कर रहे हैं, बल्कि समाज में समानता और समरसता का संदेश भी दे रहे हैं।
नगर निगम परिवार सदैव स्वच्छता कर्मियों के सम्मान और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और संस्कारों को मजबूत करते हैं।”
कार्यक्रम का सफल संचालन नगर निगम की पूरी टीम के सहयोग से संपन्न हुआ, जो सामाजिक समरसता और सम्मान का प्रेरणादायक उदाहरण बना।

