ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

ग्राफिक एरा की छात्रा भावना दुम्का को एसएपी लैब्स (SAP LABS) इंडिया में ₹18 लाख वार्षिक पैकेज

बीसीए 2026 बैच की छात्रा बनी आईटी टेक्नोलॉजी क्लाउड सर्विस एसोसिएट, कठिन चयन प्रक्रिया पार कर हासिल की बड़ी सफलता

रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला 

भीमताल। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल की बीसीए 2026 बैच की होनहार छात्रा भावना दुम्का ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भावना का चयन विश्व की अग्रणी एंटरप्राइज क्लाउड सॉफ्टवेयर एवं क्लाउड ईआरपी समाधान प्रदाता कंपनी SAP Labs India में आईटी टेक्नोलॉजी क्लाउड सर्विस एसोसिएट के पद पर ₹18 लाख वार्षिक पैकेज के साथ हुआ है। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिसर में खुशी और गर्व का माहौल है।

भावना दुम्का का चयन एसएपी के प्रतिष्ठित टैलेंट एक्विजिशन प्रोग्राम के माध्यम से हुआ। पूरी चयन प्रक्रिया कई चुनौतीपूर्ण चरणों में संपन्न हुई, जिसमें उम्मीदवारों के तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ उनकी समस्या समाधान क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच, संचार कौशल और पेशेवर दृष्टिकोण का गहन मूल्यांकन किया गया।

चयन प्रक्रिया के प्रथम चरण में भावना ने Codility Online Assessment को सफलतापूर्वक पास किया। इसके बाद आयोजित एआई इंटरव्यू में उन्होंने अपने शैक्षणिक अनुभव, तकनीकी परियोजनाओं और सीखने के दृष्टिकोण को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया। तकनीकी साक्षात्कार के दौरान उन्होंने क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा स्ट्रक्चर एंड एल्गोरिद्म (DSA), सिस्टम डिजाइन तथा कंप्यूटर साइंस के मूलभूत विषयों से जुड़े प्रश्नों के सटीक और प्रभावशाली उत्तर देकर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।

इसके बाद आयोजित मैनेजरियल डिस्कशन में उनकी विश्लेषणात्मक क्षमता, व्यवहारिक कौशल और निर्णय लेने की योग्यता का परीक्षण किया गया। वहीं कम्युनिकेशन राउंड में एम.टेक. जैसे अनुभवी अभ्यर्थियों के बीच भी भावना ने अपने आत्मविश्वास, स्पष्ट अभिव्यक्ति और प्रभावशाली व्यक्तित्व से अलग पहचान बनाई। अंतिम चरण में हुए दो एचआर इंटरव्यू में उनके तकनीकी अनुभव, करियर लक्ष्य और एसएपी की कार्य संस्कृति के अनुरूप उनकी तैयारी का मूल्यांकन किया गया।

करीब एक सप्ताह की प्रतीक्षा के बाद 24 जून 2026 को भावना दुम्का को SAP Labs India की ओर से आधिकारिक ऑफर लेटर प्राप्त हुआ। इसके साथ ही उन्होंने आईटी टेक्नोलॉजी क्लाउड सर्विस एसोसिएट के रूप में अपने पेशेवर करियर की शुरुआत की।

अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए भावना दुम्का ने कहा कि उन्होंने पूरी चयन प्रक्रिया के दौरान स्वयं पर विश्वास बनाए रखा और हर चरण को पूरी निष्ठा, सकारात्मक सोच और समर्पण के साथ पूरा किया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल के उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण, अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण को दिया।

उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत, असफलताओं से सीखने की क्षमता और चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करना ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास बनाए रखने, कभी हार न मानने और अपने लक्ष्य की दिशा में लगातार आगे बढ़ते रहने का आह्वान किया।

उनका विश्वास है कि मेहनत, समर्पण और सही मार्गदर्शन के बल पर हर विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकता है और अपने संस्थान के साथ-साथ देश का भी नाम रोशन कर सकता है।

यह भी पढ़ें :  संदिग्ध मौत से सनसनी: शराब पार्टी के बाद विवाद, धक्का लगने से युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

You missed

error: Content is protected !!