ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से पिंजरा लगाकर गुलदार पकड़ने की मांग; शाम होते ही घरों में कैद होने को मजबूर लोग
भवाली। भवाली क्षेत्र के नगारिगांव में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले दस दिनों में तीन गायों को अपना शिकार बनाने के बाद अब गुलदार ने इंसानों पर भी हमला करना शुरू कर दिया है।
सोमवार देर शाम घर लौट रहे एक युवक पर गुलदार के अचानक झपटने से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने और गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
ग्रामीण जमन सिंह रौतेला ने बताया कि उनका भतीजा पंकज रौतेला सोमवार शाम अपने साथियों के साथ काम से लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के रास्ते से गुजर रहा था, पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
गुलदार के झपटने से पंकज के पैर में नाखून लग गए। युवक के साथ मौजूद साथियों और आसपास के ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गया। घटना में युवक बाल-बाल बच गया।
ग्रामीण सुनील कुमार ने बताया कि गांव में पिछले कई दिनों से गुलदार की लगातार आवाजाही बनी हुई है। बीते दस दिनों में वह तीन गायों को मार चुका है। अब इंसानों पर हमला होने के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि गांव में छोटे-छोटे बच्चे घरों के बाहर खेलते हैं और पालतू पशु भी खुले में रहते हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
गुलदार की दहशत के कारण नगारिगांव में शाम ढलते ही लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पूरे गांव में भय का माहौल है और लोग बच्चों को अकेले बाहर भेजने से भी डर रहे हैं।
इधर, वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और गुलदार से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी जा रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा नहीं लगाया गया तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने वन विभाग से तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।


