राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय एवं शैलनट की रंगमंच कार्यशाला जारी
हल्द्वानी। आनंदा अकादमी में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय एवं शैलनट द्वारा आयोजित रंगमंच कार्यशाला में मशहूर सिनेमेटोग्राफर राजेश साह ने कहानी, स्क्रीन प्ले, लोकेशन आदि के चयन के बारे में बताया।
थ्री इडियट, लगे रहो मुन्ना भाई,एक हसीना थी,जानी गद्दार,एक छोटी सी लव स्टोरी,छू लेंगे आकाश, कभी पास कभी फेल, समोसा एंड संस आदि सुपरहिट बालीवुड फिल्मों में सिनेमेटोग्राफी कर चुके राजेश साह ने बताया कि किस तरह से कैमरे के माध्यम से किसी कहानी को सिनेमा के पर्दे पर बेहद प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया जा सकता है।
उन्होंने प्रतिभागियों को थ्री इडियट और लगान फिल्मों के कुछ महत्वपूर्ण दृश्य दिखाकर प्रतिभागियों को उनके फिल्मांकन की कहानी और अनुभव सुनाए। उन्होंने प्रयोगात्मक गतिविधि कराते हुए प्रशिक्षुओं को स्क्रीन प्ले लेखन का अभ्यास भी करवाया।
उन्होंने प्रतिभागियों को अच्छी फिल्में के चयन का पैमाना भी बताया। श्री साह ने प्रतिभागियों को संवाद लेखन की कला के बारे में बताते हुए संवाद लेखन का अभ्यास भी कराया।
उन्होंने यही भी बताया कि फिल्म में अलग-अलग शाट की शूटिंग करके किस प्रकार से एक सीन (दृश्य) तैयार किया जाता है। इसी तरह उन्होंने बताया कि फिल्म में तीन-चार सीन को मिलाकर एक सीक्वेंस किस प्रकार से तैयार किया जाता है।
फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्होंने क्लोज अप, मिड शाट,लांग शाट और एक्सट्रीम लांग शाट के बारे में भी बताया और यह भी बताया कि किस प्रकार इन शाट्स का प्रयोग करके फिल्म को प्रभावशाली बनाया जा सकता है।
इस दौरान आनंद अकादमी के भूपेंद्र सिंह बिष्ट, दीक्षा बिष्ट, माया बिष्ट,गौरव जोशी, शैलनट के कला निदेशक डॉ.डी.एन.भट्ट, ललित कर्नाटक, संगीतकार डां.हरीश चन्द्र जोशी, अशोक बहुखंडी, पंकज लोहनी व नगर निगम के पार्षद मनोज जोशी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।














