हल्द्वानी। दमुवाढूंगा से सटे जंगल में दो दिन से आग लगी है। आग की लपटें तेजी से फैलती देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। मामला रामनगर वन प्रभाग की फतेहपुर रेंज का है, जहां शाम ढलते ही जंगल में आग धधक उठी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। विभागीय कर्मचारी उपकरणों की मदद से आग बुझाने की कोशिश में जुटे हैं।
आग किन कारणों से लगी, इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक अनुमान है कि तेज गर्मी या फिर किसी मानव गतिविधि के कारण आग भड़क सकती है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल के आसपास किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें और आग लगने की स्थिति में तुरंत विभाग को सूचित करें।





