ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

गोरापड़ाव कट पर तेज रफ्तार का कहर, कार–स्कूटी की भीषण टक्कर में युवक गंभीर घायल

हल्द्वानी। हल्द्वानी क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को गोरापड़ाव कट के समीप एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और चालक सड़क पर दूर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्कूटी सवार युवक लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा रहा।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को मानवीय संवेदना दिखाते हुए निजी वाहन से हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल घायल की पहचान नहीं हो पाई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गोरापड़ाव कट लगातार दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है।

बीते एक सप्ताह में इसी स्थान के आसपास तीन बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक न तो प्रभावी यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की गई है और न ही तेज रफ्तार वाहनों पर कोई ठोस कार्रवाई हुई है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और यातायात विभाग से मांग की है कि गोरापड़ाव कट पर जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : एसएसपी डॉ0 मंजुनाथ टी0सी0 के नेतृत्व में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी,भोली भाली जनता से 6 करोड़ से अधिक की ठगी करने वाले 2 मुख्य आरोपियों को नैनीताल पुलिस ने किया गिरफ्तार

You missed

error: Content is protected !!