ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

वीआईपी के नाम के खुलासे की मांग को लेकर महापंचायत,अंकिता के माता-पिता भी पहुंचे धरना स्थल 

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर रविवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों ने महापंचायत कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदेश भर से आए संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सुबह से ही परेड ग्राउंड में जुटने लगे। किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े, इसके लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

महापंचायत में अंकिता भंडारी की माता सोनी देवी और पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी भी पहुंचे। उन्होंने इस मामले में कथित वीआईपी के नाम के खुलासे की मांग करते हुए सीबीआई जांच की मांग दोहराई। परिजनों का कहना है कि जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होगी और पर्दे के पीछे शामिल लोगों के नाम सामने नहीं आएंगे, तब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा।

रविवार सुबह 10 बजे से राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आंदोलनकारी संगठनों के कार्यकर्ता एकत्रित होने शुरू हो गए थे। आंदोलनकारी मंच की संरक्षक कमला पंत ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी के नाम का खुलासा किया जाए, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी दी जाए।

उन्होंने सरकार पर मामले में ढिलाई और प्रभावशाली लोगों को बचाने के आरोप भी लगाए।

आयोजकों के अनुसार, महापंचायत में लिए गए फैसलों के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन की ओर से परेड ग्राउंड और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।

यह भी पढ़ें :  चमोली के पीपलकोटी में बड़ा हादसा: टनल में घुसा पानी और मलबा, 7 मजदूरों की मौत; 2 अब भी फंसे

You missed

error: Content is protected !!