ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी नगर निगम बोर्ड बैठक में हंगामा: गैस किल्लत पर पार्षदों का विरोध, 183 करोड़ का बजट समेत 14 प्रस्ताव पास

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की मंगलवार को आयोजित बोर्ड बैठक हंगामेदार रही। बैठक के दौरान पार्षदों ने शहर में एलपीजी गैस की भारी किल्लत को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

पार्षदों का कहना था कि उनके क्षेत्रों में जनता गैस न मिलने से बेहद परेशान है और सुबह से शाम तक लंबी कतारों में खड़े रहने के बावजूद सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।

पार्षदों ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसी संचालकों और जिला पूर्ति अधिकारी को कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है, जिससे आम जनता के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों पर भी दबाव बढ़ता जा रहा है।

बैठक में मौजूद खाद्य पूर्ति विभाग के अधिकारी को पार्षदों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान जमकर नोकझोंक और हंगामा हुआ। मौके पर मौजूद गैस एजेंसी संचालकों को भी विरोध झेलना पड़ा।

स्थिति को देखते हुए मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए गैस एजेंसी संचालकों को चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे स्वयं मौके पर जाकर एजेंसी में ताला लगाने की कार्रवाई करेंगे।

हंगामे के बीच महापौर की अध्यक्षता में बैठक में कुल 14 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें वर्ष 2026-27 के लिए 183 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया तथा नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। इसके अलावा शहर के विकास से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में सार्वजनिक शौचालय निर्माण के प्रस्ताव भी पास किए गए, जिनके तहत राजपुरा धोबीघाट में 56.89 लाख रुपये, कियाशाला (बिठौरिया के निकट) में 55.72 लाख रुपये तथा ब्लॉक कार्यालय हल्द्वानी में 50.73 लाख रुपये की लागत से शौचालय बनाए जाएंगे।

इसके साथ ही नव सम्मिलित क्षेत्रों के व्यवसायिक भवनों के संपत्ति कर पर 31 मार्च से पहले भुगतान करने वालों को 25 प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया गया। नगर निगम की दुकानों के किराए में वृद्धि के प्रस्ताव पर भी बैठक में विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान हुए हंगामे के बावजूद नगर निगम ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए शहर के विकास की दिशा में कदम बढ़ाए।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में बस पलटी एक की मौत एक दर्जन से अधिक घायल, एसडीएम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल

You missed

error: Content is protected !!