उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस की धूम, पौधरोपण से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण तक हुए आयोजन
हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ।
इसके बाद राष्ट्रगान की सामूहिक प्रस्तुति ने पूरे परिसर को देशभक्ति के भाव से सराबोर कर दिया। समारोह के दौरान पौधरोपण,अअअ सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिता़़़़़़ दोओं के विजेताओं का सम्मान, विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ एवं न्यूज लेटर का विमोचन तथा शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
ध्वजारोहण के बाद कुलपति प्रो. नवीन चंद्र का ंलोहनी ने विश्वविद्यालय परिवार कोअअअ स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर बलिदानियों को नमन करने का अवसर है। उनके त्याग और संघर्ष के कारण आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का विषय नहीं, बल्कि इसके साथ नागरिकों के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझना भी आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेना चाहिए।
कुलपति ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षण संस्थान होने के बावजूद उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय अपने शिक्षार्थियों से निरंतर जुड़कर उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है। विश्वविद्यालय ने कई प्रतिष्ठित और अग्रणी संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन किए हैं, जिनसे शिक्षार्थियों एवं विश्वविद्यालय के विकास के लिए नए अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपने 21वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और निरंतर प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
हरित परिसर का लिया संकल्प, किया पौधरोपण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर को हरा-भरा एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से पौधरोपण अभियान भी चलाया गया। विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के निर्माण का संकल्प लिया।
इसके बाद बहुउद्देशीय सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगीत और वंदेमातरम् की प्रस्तुति ने वातावरण को देशभक्ति से भर दिया। इस दौरान ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’, निकिता कुतलकोटी द्वारा ‘संदेशे आते हैं’, महेश कुमार द्वारा झूला गीत, सूरज जोशी द्वारा ‘ओ देश मेरे, तेरी शान से बढ़के’ सहित अनेक सांस्कृतिक एवं देशभक्ति प्रस्तुतियां दी गईं। योग विभाग के शिक्षार्थियों ने भी विशेष प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित
समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। प्रो. रेनू प्रकाश ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विश्वविद्यालय में तीन चरणों में विभिन्न कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में सोनम गुलाटी, नीरज सिंह और दिवाकर खोलिया को सम्मानित किया गया। मेहंदी प्रतियोगिता में प्रियंका आर्य, मीतू और बबली ने स्थान प्राप्त किया। वहीं क्विज प्रतियोगिता में हिमांशु पुनेठा, दिग्विजय, सागर उप्रेती, गौरव उपाध्याय, कृतिका त्रिवेदी और मानताशा समेत अन्य प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
संगीत कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले संदीप सिंह सोढ़ी, महेश चंद्र सहित अन्य प्रतिभागियों तथा योग विभाग के शिक्षार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
‘उड़ान’ पत्रिका और न्यूज लेटर का विमोचन
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ तथा न्यूज लेटर का विमोचन किया। विश्वविद्यालय की गतिविधियों, उपलब्धियों और शैक्षणिक प्रयासों को शिक्षार्थियों एवं आमजन तक पहुंचाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
समाज कार्य विभाग ने कराया शपथ ग्रहण समारोह
कार्यक्रम के दौरान समाज कार्य विभाग की ओर से शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने अपने सामाजिक दायित्वों एवं जिम्मेदारियों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का संयोजन समाज कार्य विभाग की समन्वयक डॉ. नीरजा सिंह ने किया।
समापन अवसर पर डॉ. खेमराज भट्ट ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने देश-विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। साथ ही देश को आजादी दिलाने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और आजादी की रक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षार्थी उपस्थित रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना देखने को मिली।










