एसएसपी नैनीताल मंजुनाथ टीसी का कड़ा रूख: थाना प्रभारियों को लगाई फटकार, अपराध समीक्षा में जवाबदेही तय
होली एवं रमजान पर्व पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, हुड़दंग व जबरन रंग लगाने वालों पर पैनी नज़र
39 पुलिस कर्मियों को किया सम्मानित, पुलिस परिवार के 14 मेधावी विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप राशि देकर किया उत्साहवर्धन
एसएसपी नैनीताल के स्पष्ट निर्देश — “काम नहीं तो दाम नहीं” की नीति के तहत पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली में लाया जाएगा सुधार
हल्द्वानी। कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने कोतवाली मीटिंग हॉल में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं, अपराध नियंत्रण और आगामी होली व रमजान पर्व को लेकर थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में होने वाले अपराधों के लिए बीट कांस्टेबल से लेकर हल्का प्रभारी तक की जवाबदेही तय की जाएगी।
एसएसपी ने लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए “काम नहीं तो दाम नहीं” की नीति लागू करने के निर्देश दिए। ड्यूटी के दौरान मोबाइल के अनावश्यक प्रयोग और कार्य में शिथिलता बरतने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नो वर्क नो पे की कार्रवाई की चेतावनी दी गई। महिला अपराध, साइबर ठगी और नशे के खिलाफ अभियानों में तेजी लाने, हिस्ट्रीशीटरों की सतत निगरानी और सत्यापन के भी निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने नशे में वाहन चलाने, स्टंट और ओवरस्पीडिंग पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए। रात्रि चेकिंग के दौरान एल्कोमीटर का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने को कहा गया।
होली व रमजान पर विशेष सुरक्षा प्लान
आगामी होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एसएसपी ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। जबरन रंग लगाने, शराब पीकर हुड़दंग करने और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर तत्काल कठोर कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर रखने के लिए सोशल मीडिया सेल को सक्रिय किया गया है। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला पुलिसकर्मियों की पिकेट, मोबाइल और पैदल गश्त में विशेष तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को शांति समिति की बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित करने को कहा गया है।
सम्मान और प्रोत्साहन
पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के लिए एसएसपी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 39 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा पुलिस परिवार के 14 मेधावी विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप राशि प्रदान कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।
एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने अपने संदेश में कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
गोष्ठी में नैनीताल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सभी थाना/चौकी प्रभारी, यातायात, सीपीयू, पीएसी, एसडीआरएफ और अन्य शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

