ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। मल्लीताल क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब सवा नौ बजे बीडी पांडे अस्पताल–मोहनको रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि नितिन कार्की अपनी बाइक से नीचे से ऊपर की ओर जा रहे थे।

जैसे ही उन्होंने कुर्मांचल बैंक की ओर मुड़ने का प्रयास किया, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि नितिन कार्की सड़क पर चेहरे के बल गिर पड़े, जबकि दूसरा युवक सड़क किनारे खड़ी कार से टकराकर दूर जा गिरा। हादसे के समय दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. प्रशांत ओली के अनुसार, नितिन कार्की के चेहरे और नाक पर चोट आई है और उनका उपचार चल रहा है। वहीं, स्टाफ हाउस निवासी प्रियांशु को सिर में गंभीर चोट होने के चलते हायर सेंटर रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े वाहन, वन-वे में गलत दिशा से चलने वाले वाहन और तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था सुधारने और सख्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

यह भी पढ़ें :  पायलट बाबा आश्रम में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे
error: Content is protected !!