हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में बवाल: 40–50% छात्र फेल, छत पर चढ़े छात्रों ने दी कूदने की धमकी
हल्द्वानी। कुमाऊं मंडल के सबसे बड़े शिक्षण संस्थानों में शामिल एमबीपीजी कॉलेज में परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। तीसरे और पांचवें सेमेस्टर में बड़ी संख्या में छात्रों के फेल होने के बाद मंगलवार को छात्रों ने जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, बीएससी जियोलॉजी के पांचवें सेमेस्टर में 40 से 50 प्रतिशत तक छात्र फेल हो गए हैं। वहीं तीसरे सेमेस्टर में भी बड़ी संख्या में छात्र असफल घोषित किए गए हैं। रिजल्ट देखने के बाद छात्र भड़क उठे और उन्होंने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आक्रोशित छात्र बहुउद्देशीय भवन की तीसरी मंजिल पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कुछ छात्रों ने नीचे कूदने की धमकी भी दी, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
सूचना पर पुलिस और कॉलेज प्रशासन मौके पर पहुंचा और छात्रों को समझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
छात्रों का आरोप है कि जिन विषयों में उन्हें अच्छे अंक मिलने की उम्मीद थी, उनमें उन्हें शून्य अंक दिए गए हैं। उन्होंने परीक्षा कॉपियों की दोबारा जांच (री-इवैल्यूएशन) की मांग उठाई है। छात्रों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में फेल होने से उनका भविष्य प्रभावित होगा और वे आगे एडमिशन भी नहीं ले पाएंगे।
कॉलेज के प्राचार्य नरेंद्र बनकोटी ने बताया कि छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे का निर्णय उच्च स्तर पर लिया जाएगा।
फिलहाल कॉलेज परिसर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, जबकि छात्र अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं।

