ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल को हरा-भरा बनाने निकले 200 पर्यावरण प्रहरी, शेर का डांडा में लगाए 1500 पौधे

मातृशक्ति, बच्चों और बुजुर्गों ने किया श्रमदान, स्वच्छता अभियान चलाकर हटाया कूड़ा

रिपोर्टर : गुड्डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। शहर को हराभरा और स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से रविवार को शेर का डांडा पहाड़ी क्षेत्र में वृहद स्वच्छता एवं वृक्षारोपण महाभियान आयोजित किया गया। नासा क्लब, तिब्बती समुदाय, टीम क्लीन नैनीताल, डी.एस.बी. कॉलेज, स्नोव्यू वार्ड, रोटरी क्लब, किलर्स फुटबॉल क्लब और हनुमान भक्त संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में करीब 200 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभियान की खास बात यह रही कि इसमें 4 वर्ष के बच्चों से लेकर 80 वर्ष तक के बुजुर्गों और बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने भी श्रमदान कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान देवदार, बांज, तिलोंज, पांगर, खर्स्यू, पदम, मोरपंखी, पुतली, तेजपत्ता, अखरोट और सुरई सहित लगभग 1500 पौधों का रोपण किया गया। वहीं, पहाड़ी ढलानों पर मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए घिंघारू और मकाउल जैसी झाड़ियों का भी रोपण किया गया। स्वयंसेवकों ने पूरे क्षेत्र में फैले कूड़े को साफ कर स्वच्छता का संदेश भी दिया।

नैनीताल नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती खेतवाल ने अभियान में शामिल होकर पौधारोपण किया और सभी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। अभियान में तिब्बती समुदाय, नासा क्लब, टीम क्लीन नैनीताल, डी.एस.बी. कॉलेज, हनुमान भक्त संगठन, किलर्स फुटबॉल क्लब, स्नोव्यू वार्ड तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम के समापन पर तिब्बती समाज की ओर से सभी स्वयंसेवकों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई। आयोजकों ने भविष्य में भी नैनीताल के पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के लिए ऐसे जनभागीदारी वाले अभियान लगातार चलाने का संकल्प लिया।

यह भी पढ़ें :  अंडर-14 सिक्स-ए-साइड फुटबॉल टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले, भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय रेड टीम ने दर्ज की जीत

You missed

error: Content is protected !!