ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

होली के दिन मुरादाबाद से आई एक दर्दनाक खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।

मझोला थाना क्षेत्र के सोनकपुर ओवरब्रिज के पास जंगल में पति-पत्नी के खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतकों की पहचान सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नया गांव निवासी विनोद उर्फ विक्की और उसकी पत्नी ममता के रूप में हुई है।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विनोद ही अपनी पत्नी को जंगल में ले गया था।

वहां उसने चाकू से ममता की गर्दन पर कई वार किए और उसका गला काट दिया। पत्नी की हत्या करने के बाद उसने खुद के पेट पर चाकू से वार कर आत्महत्या कर ली।

बताया जा रहा है कि होली के दिन करीब दोपहर 2 बजे विनोद अपनी पत्नी को मायके छोड़ने के बहाने घर से निकला था। लेकिन ससुराल जाने की बजाय वह उसे सोनकपुर ओवरब्रिज के पास जंगल की ओर ले गया और वहां इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।

परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शादी के करीब 9 साल बाद भी दोनों की कोई संतान नहीं थी, जिसको लेकर अक्सर झगड़ा होता था। बताया जा रहा है कि विनोद दूसरी शादी करना चाहता था, जिसका ममता विरोध करती थी। इसी विवाद के चलते यह दर्दनाक घटना हुई।

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के शव जंगल से बरामद हुए हैं।

जांच में पता चला है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुद भी चाकू मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : चंद्र ग्रहण को लेकर एरीज के वैज्ञानिक उत्साहित
error: Content is protected !!