सतौली गांव में किशोरियों पर फब्तियां कसने का आरोप, ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़कर सिखाया सबक; पुलिस बोली- शिकायत मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई
नैनीताल/रामगढ़। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ ब्लॉक की शांत वादियों में महिलाओं के साथ कथित छेड़खानी करने पहुंचे बाहरी युवकों को ग्रामीण महिलाओं के गुस्से का सामना करना पड़ा। महिलाओं ने आरोपित युवकों को पकड़कर उनका मुंह काला किया, बिच्छू घास (शिशुनाला) लगाई और जमकर पिटाई कर उन्हें सबक सिखाया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़, सतौली और मुक्तेश्वर क्षेत्र में कुछ बाहरी युवक पहुंचे थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन युवकों ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी की। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास की महिलाएं और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इसके बाद महिलाओं ने युवकों को पकड़ लिया और पारंपरिक तरीके से विरोध जताते हुए उनका मुंह काला किया, बिच्छू घास लगाई तथा उनकी पिटाई कर दी।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग महिलाओं के साहस की सराहना कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग कानून व्यवस्था के तहत कार्रवाई की आवश्यकता पर भी जोर दे रहे हैं।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है और न ही यह स्पष्ट हो सका है कि आरोपित युवकों के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज किया गया है या नहीं। वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।


