हल्द्वानी में 14-15 मार्च को लगेगा ‘किताब कौतिक’ पुस्तक मेला, 50 प्रकाशकों की 80 हजार से अधिक पुस्तकें होंगी उपलब्ध
हल्द्वानी। “क्रिएटिव उत्तराखंड” संस्था द्वारा समाज के सभी वर्गों में पढ़ने-लिखने की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित पुस्तक मेलों का अभियान एक बार फिर हल्द्वानी पहुंच गया है।
कार्यक्रम के संयोजक दयाल पांडे ने बताया कि पूरे उत्तराखंड में अब तक 14 “किताब कौतिक” सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं।
इससे पहले मार्च 2024 में भी हल्द्वानी में “हल्द्वानी किताब कौतिक” का भव्य आयोजन किया गया था।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 14 और 15 मार्च 2026 को “आओ, दोस्ती करें किताबों से” की थीम के साथ दो दिवसीय “हल्द्वानी किताब कौतिक” आयोजित किया जाएगा।
मेले में 50 प्रकाशकों की करीब 80 हजार पुस्तकें साहित्य प्रेमियों के अवलोकन और खरीद के लिए उपलब्ध रहेंगी।
इस बार कार्यक्रम की मुख्य थीम “नशामुक्त समाज और मानसिक स्वास्थ्य” रखी गई है।
मेले के दौरान साहित्यिक परिचर्चाएं, प्रसिद्ध लेखकों से सीधी बातचीत, बच्चों के लिए विज्ञान कोना, नेचर वॉक, साहसिक खेल और आमंत्रित कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक संध्या जैसे कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही हस्तशिल्प स्टॉल, स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
आयोजन में हिस्सा लेने के लिए देशभर से साहित्यकार, सामाजिक कार्यकर्ता और रंगकर्मी हल्द्वानी पहुंचेंगे।





