नैनीताल। जिला प्रधान संगठन की कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष गोपाल अधिकारी ने की। बैठक में जिले के सभी विकासखंडों के प्रधान संगठन अध्यक्ष मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सभी ब्लॉक अध्यक्षों ने एक स्वर में ग्राम पंचायतों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याएं उठाईं। उन्होंने कहा कि नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के बावजूद ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों का भुगतान नहीं हो पा रहा है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस पर शीघ्र ग्राम पंचायत खातों को अपडेट कर भुगतान प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई।
इसके अलावा मनरेगा के तहत श्रमिकों और निर्माण सामग्री का भुगतान लंबित होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक में यह भी सामने आया कि जिले के लगभग 80 प्रतिशत पंचायत भवन मरम्मत की स्थिति में हैं। इस पर मांग की गई कि जिला योजना के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत भवन की मरम्मत के लिए 6 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की जाए, ताकि पंचायतों में बैठकों और सामाजिक गतिविधियों का संचालन सुचारू रूप से हो सके।
बैठक में बेतालघाट के ब्लॉक अध्यक्ष जे.डी. कत्यूरा, कोटाबाग के सुरेंद्र सिंह, भीमताल के लक्ष्मण गंगोला, ओखलकांडा के मदन परगाईं, रामनगर के नवीन सती और रामगढ़ के नंदन बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

