ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री, वन एवं नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने गुरुवार को बच्ची नगर स्थित अपने आवास पर हल्द्वानी शहर में चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की।

बैठक में नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 34 से 60 तक एडीबी वित्त पोषित परियोजना के तहत Uttarakhand Urban Sector Development Agency (यूयूएसडीए) द्वारा कराए जा रहे कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान सांसद ने कहा कि Narendra Modi द्वारा हल्द्वानी शहर के समग्र विकास के लिए दिए गए 2200 करोड़ रुपये के बजट से चल रहे कार्यों को पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से अब तक हुए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।

अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत कुल 740 किलोमीटर में से 419.48 किलोमीटर पेयजल लाइन बिछाने का कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं 122 किलोमीटर में से 71.45 किलोमीटर सीवरेज लाइन का निर्माण भी पूर्ण हो चुका है।

इसके अलावा 304 किलोमीटर सड़कों में से 154.8 किलोमीटर सड़क का पुनर्निर्माण किया जा चुका है, जबकि 85.6 किलोमीटर में जीएसबी सबसर्फेसिंग का कार्य पूरा कर आगे का निर्माण कार्य जारी है।

परियोजना के तहत 14 ओवरहेड टैंकों में से 7 का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिनमें से तीन डबल स्टोरी होंगे जो शहर की सुंदरता को भी बढ़ाएंगे। इसके साथ ही 13 नलकूपों में से 7 की बोरिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है और 14.5 एमएलडी क्षमता के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण भी जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि वर्षा जल प्रबंधन के तहत 1500 मीटर रकासिया नाले के आउटफॉल के लिए भूमिगत नाले का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जिससे बरसात के समय कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।

इसके अलावा 229.82 करोड़ रुपये की लागत से सड़क सुधार और ड्रेनेज परियोजना का कार्य भी आवंटित कर दिया गया है। नैनीताल रोड पर तीनपानी से नरीमन चौराहे तक तथा कालाढूंगी रोड पर कालाढूंगी चौराहे से कटघरिया तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है।

इसके अलावा 336 करोड़ रुपये की लागत से हल्द्वानी में बनने वाले बहुउद्देशीय “नमो भवन” की टेंडर प्रक्रिया भी चल रही है। अधिकारियों ने बताया कि पंचक्की से लालडांट तक टंचलेस तकनीक से सीवरेज पाइप लाइन बिछाई जा रही है, ताकि सड़कों की खुदाई कम हो और लोगों को असुविधा न हो।

बैठक में बताया गया कि इन सभी कार्यों को 1 मई 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

परियोजना के तहत फुटपाथ, सौंदर्यीकरण, पार्किंग, बस स्टॉप, हाईमास्ट लाइटिंग, केबल डक्ट, विद्युत पोल, टेबलटॉप क्रॉसिंग और संवेदनशील क्षेत्रों में वर्षा जल प्रबंधन जैसे कार्य भी किए जाएंगे।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि Pushkar Singh Dhami सरकार के प्रयासों से हल्द्वानी को आधुनिक और सुरक्षित शहर बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं को देखते हुए फिलहाल नई खुदाई न की जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के पूरा होने के बाद ही आगे खुदाई से संबंधित कार्य किए जाएं।

यह भी पढ़ें :  ईरान पर हमलों से वैश्विक तनाव, उत्तराखंड के छात्र भी
error: Content is protected !!