ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भीमताल। विकासखंड ओखलकांडा के राजकीय इंटर कॉलेज ढोलीगांव में गुरुवार को जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने की।

शिविर में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 68 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 57 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 175 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 8 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके अलावा 35 बीपीएल कार्ड बनाए गए और पात्र महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। विभिन्न विभागों की ओर से दी गई सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिलाकर कुल 424 लोगों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ा गया। शिविर में राजस्व, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, लघु सिंचाई, पेयजल निगम, जल संस्थान, ऊर्जा निगम, पशुपालन, बाल विकास, उरेडा, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा ई-डिस्ट्रिक्ट से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सरकार प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री ने शिविर में उपस्थित लोगों की समस्याओं को क्रमवार सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव नहीं था, उनके लिए विभागों को प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने और तय समय सीमा में उनका समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत, जिला पंचायत राज अधिकारी सुरेंद्र बैनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, मंडल अध्यक्ष नरेश नयाल, खंड विकास अधिकारी के.एस. सामंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  5-Day Banking की मांग हुई तेज, UFBU उत्तराखंड की बैठक में NBOA ने अधिकारियों के हितों की उठाई मजबूत आवाज
error: Content is protected !!