नैनीताल। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दिन पांच सदस्यों के अपहरण के मामले में कांग्रेस की जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी, एक सदस्य और दो मेबरों के परिजनों की शिकायत पर दायित्वधारी शंकर कोरंगा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट समेत 11 नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बता दें कि 14 अगस्त को जिला पंचायत चुनाव के दौरान पांच सदस्यों के अपहरण के मामले के बाद कांग्रेस जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी पुष्पा नेगी ने तल्लीताल थाने में शिकायती पत्र दिया।
कहा कि वह अन्य सदस्यों के साथ मतदान के लिए जिला पंचायत जा रहे थीं, तभी बैरिकेडिंग के भीतर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला बोल दिया।
पांच सदस्यों को अगवा कर उनके व महिलाओं के साथ अभद्रता, गालीगलौज और छेड़छाड़ की गई। वहीं सदस्य जिशांत कुमार ने तहरीर देकर कहा कि वह मतदान के लिए जा रहे थे, तभी कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हे जबरन अगवा करने का प्रयास कर उनके साथ मारपीट की। किसी तरह वह उनके चुंगल से बच सके।
सदस्य प्रमोद कोटलिया के भाई विनोद कोटलिया व डिगर सिंह मेवाड़ी के साले आशीष गौनिया की ओर से भी तहरीर देकर उनके परिजनों को अगवा करने की शिकायत थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने दायित्वधारी शंकर कोरंगा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी के पति आनंद सिंह दरम्वाल, चतुर बोरा, प्रमोद बोरा, प्रखर साह, बॉबी भाकुनी, विशाल नेगी, पंकज नेगी, शुभम दरम्वाल, कोमल दरम्वाल और एक अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 115 (2),140 (3), 191 (2), 351 व 352 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।
एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।





