नैनीताल पुलिस लाइन में शुक्रवार परेड, SSP ने परखी जवानों की फिटनेस व दक्षता
SSP डॉ0 मंजूनाथ टी0सी0 ने वैपन हैंडलिंग व उत्कृष्ट प्रदर्शन पर महिला आरक्षी, कांस्टेबल, गार्द कमांडर व सलामी गार्द को किया पुरस्कृत
नैनीताल। पुलिस लाइन नैनीताल में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड के दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस जवानों की फिटनेस, क्षमता और कार्यकुशलता का आंकलन किया। परेड में विभिन्न इकाइयों के जवानों ने भाग लेते हुए ड्रिल और वेपन हैंडलिंग का प्रदर्शन किया।
परेड में थानों, पुलिस लाइन, फायर सर्विस, सीपीयू, परिवहन शाखा सहित महिला पुलिस, यातायात पुलिस, आर्म्ड पुलिस, नागरिक पुलिस, अग्निशमन, डॉग स्क्वायड और बम स्क्वायड की टोलियों ने प्रतिभाग किया। सभी को ड्रिल और वेपन हैंडलिंग का गहन अभ्यास कराया गया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को एसएसपी ने पुरस्कृत भी किया। वेपन हैंडलिंग में बेहतर प्रदर्शन पर महिला आरक्षी भूमिका थापा, कांस्टेबल टीपी कृष्ण कुमार तथा सलामी गार्द के बेहतर टर्नआउट और गार्द कमांडर के उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए उन्हें नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
एसएसपी ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी को वेपन हैंडलिंग में दक्ष होना चाहिए और हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना जरूरी है। उन्होंने महिला पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सशक्त बनने और शस्त्र संचालन में निपुणता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान एसएसपी ने पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहे रिक्रूट्स की जीटीसी ट्रेनिंग का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परेड के बाद उन्होंने मैस, पुलिस कैंटीन, सीपीसी कैंटीन और एमटी शाखा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मैस प्रभारी को जवानों के लिए पौष्टिक भोजन, मौसमी सब्जियां और शुद्ध पहाड़ी व्यंजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
साथ ही सरकारी वाहनों की लॉग बुक, फिटनेस और मेंटीनेंस की समीक्षा करते हुए सभी प्रभारियों को वाहनों को सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ रामनगर सुमित पांडे, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

