महिला दिवस पर हल्द्वानी में पहली पैरा लॉन बॉल्स स्टेट चैंपियनशिप, 30 खिलाड़ी नेशनल के लिए चयनित
हल्द्वानी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हल्द्वानी मिनी स्टेडियम में पहली बार पैरा लॉन बॉल्स संगठन द्वारा स्टेट चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से लगभग 50 पैरा खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 30 खिलाड़ियों का चयन आगामी 24 मार्च से गुवाहाटी (असम) में होने वाली राष्ट्रीय पैरा लॉन बॉल्स प्रतियोगिता के लिए किया गया।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने सांसद अजय भट्ट की ओर से खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम में पैरा लॉन बॉल्स एसोसिएशन उत्तराखंड के सचिव फिरोज खान, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निर्मला मेहता, उमा जोशी, नीलिमा देवी, सलीम खान, शरद जोशी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





