एस.एस.पी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पीपिंग सेरेमनी में कंधों पर अलंकार एवं सितारे सजाकर दीं शुभकामनाए
21 वर्षों की पुलिस सेवा का मिला सम्मान, कांस्टेबल से इंस्पेक्टर बनने तक का प्रेरणादायी सफर
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस परिवार के लिए बुधवार का दिन गर्व और सम्मान का अवसर रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में एसएसपी कार्यालय, हल्द्वानी में आयोजित गरिमामय पीपिंग सेरेमनी में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील चन्द्र जोशी को उपनिरीक्षक (एसआई) से निरीक्षक (इंस्पेक्टर) पद पर पदोन्नत किया गया। इस दौरान एसएसपी ने उनके कंधों पर पारंपरिक रूप से नए रैंक के अलंकार एवं सितारे सजाकर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि पदोन्नति किसी भी पुलिस अधिकारी की मेहनत, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि निरीक्षक सुशील जोशी अपनी कार्यकुशलता और जनसेवा की भावना के साथ नई जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए नैनीताल पुलिस की प्रतिष्ठा को और ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
कांस्टेबल से इंस्पेक्टर तक का सफर
जनपद ऊधम सिंह नगर के शांतिपुरी निवासी सुशील चन्द्र जोशी ने 10 अक्टूबर 2001 को उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। उनकी पहली नियुक्ति हरिद्वार जनपद में हुई। वर्ष 2008 में विभागीय पदोन्नति परीक्षा उत्तीर्ण कर वह उपनिरीक्षक बने और पीटीसी मुरादाबाद से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उत्तरकाशी में पहली बार एसआई के रूप में तैनात हुए।
वर्ष 2010 में उनका स्थानांतरण नैनीताल जनपद हुआ, जहां उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर, ज्योलीकोट, मल्ला, काठगोदाम, लामाचौड़, मेडिकल और बैलपड़ाव सहित कई पुलिस चौकियों में चौकी प्रभारी के रूप में सेवाएं दीं। वर्ष 2020 में उनका तबादला पिथौरागढ़ हुआ, जहां उन्होंने थानाध्यक्ष बेरीनाग और वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ के महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
इसके बाद पुनः नैनीताल जनपद में तैनाती के दौरान उन्होंने विभिन्न चौकियों में चौकी प्रभारी तथा कोतवाली बनभूलपुरा में वरिष्ठ उपनिरीक्षक के रूप में उत्कृष्ट कार्य किया। वर्तमान में वह मुखानी थाने के प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं और अब निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए हैं।
अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
पीपिंग सेरेमनी में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसएसपी के वाचक रमेश सिंह नेगी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने निरीक्षक सुशील जोशी को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल कार्यकाल की कामना की।


