ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

विधायक सरिता आर्या बोलीं— पर्यटकों और स्थानीय लोगों पर पड़ रहा अनावश्यक बोझ, पालिका तुरंत वापस ले फैसला

रिपोर्टर: गुड्डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। नैनीताल नगर पालिका द्वारा दोपहिया वाहनों से ₹100 प्रवेश शुल्क (टोल) वसूले जाने के फैसले को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। आम जनता, व्यापारियों, पर्यटकों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं के विरोध के बाद अब भारतीय जनता पार्टी भी खुलकर सड़क पर उतर आई है। शुक्रवार को मल्लीताल स्थित पंत पार्क में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका अध्यक्ष और पालिका प्रशासन का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया तथा जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने नगर पालिका प्रशासन पर जनविरोधी निर्णय लेने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि दोपहिया वाहनों पर ₹100 का टोल पूरी तरह अनुचित है और इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ नैनीताल आने वाले पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पालिका प्रशासन जनता के हितों की अनदेखी कर ठेकेदार को लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि टेंडर की शर्तों में भी बदलाव कर ठेकेदार को फायदा पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका अध्यक्ष इस फैसले को तत्काल वापस नहीं लेती हैं तो आंदोलन को और व्यापक व उग्र किया जाएगा। उनका कहना है कि इस प्रकार की टोल वसूली से पर्यटन नगरी नैनीताल की छवि प्रभावित हो रही है और इसका सीधा असर पर्यटन कारोबार पर पड़ सकता है।

इस मुद्दे पर विधायक सरिता आर्या ने भी नगर पालिका के फैसले का विरोध करते हुए कहा कि नैनीताल जैसे पर्यटन शहर में दोपहिया वाहनों से मनमाने तरीके से टोल वसूलना न केवल स्थानीय जनता बल्कि यहां आने वाले पर्यटकों के लिए भी असुविधा का कारण बन रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक-दो वर्षों से नगर पालिका लगातार जनभावनाओं की अनदेखी करते हुए मनमाने फैसले ले रही है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। विधायक ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल दोपहिया वाहनों से टोल वसूली का आदेश वापस लेने की मांग की।

गौरतलब है कि इस विवाद को लेकर पहले ही आम नागरिक, अधिवक्ता, पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोग, कर्मचारी और विभिन्न सामाजिक संगठन विरोध दर्ज करा चुके हैं। वहीं नगर पालिका के कई सभासदों ने भी पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी (ईओ) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ऐसे में यह मुद्दा अब पूरी तरह राजनीतिक और जनआंदोलन का रूप लेता दिखाई दे रहा है।

प्रदर्शन में मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया, प्रकाश आर्य, आशीष बजाज, विक्रम राठौर, भारत सिंह मेहरा, जीवंती भट्ट, ज्योति ढोंडियाल, कविता गंगोला, अमिता साह, हरीश राणा, शैलेन्द्र बर्गली, विकास जोशी, भूपेंद्र बिष्ट, युवा मोर्चा अध्यक्ष श्रितुल कुमार, आध्या जायसवाल, करन साह, पायल, मीरा बिष्ट, हेमलता पांडे, रश्मि सिराला, गीता सिराला, रोहित बहादुर, शैलेंद्र बिष्ट, सभासद भगवत रावत, गजाला कमाल, काजल आर्या, नामित सभासद आनंद बिष्ट, मीनू बुड़लाकोटी, खजान डंगवाल, संतोष कुमार, महेश कार्की, राहुल जोशी, गोविन्द मेहरा, कमल जोशी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दोपहिया वाहनों पर लगाया गया ₹100 का टोल शुल्क तत्काल वापस नहीं लिया गया तो पार्टी जनहित में आंदोलन को और तेज करेगी। वहीं लगातार बढ़ते विरोध के बीच अब सभी की निगाहें नगर पालिका प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल पालिका में बगावत तेज: दोपहिया प्रवेश शुल्क पर 8 सभासदों का विरोध, बोर्ड भंग करने की मांग

You missed

error: Content is protected !!