निजी स्कूल की 23 वर्षीय शिक्षिका ने किराए के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर की आत्महत्या
देहरादून। राजधानी के रायपुर थाना क्षेत्र के बालावाला इलाके में एक निजी स्कूल की 23 वर्षीय शिक्षिका ने अपने किराए के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतका की पहचान राजलक्ष्मी पुत्री लोकेश पांडे के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हल्द्वानी के मोतीनगर की रहने वाली थी। राजलक्ष्मी देहरादून के बालावाला स्थित शिव शक्ति एन्क्लेव में एक मकान की पहली मंजिल पर किराए के कमरे में अकेली रहती थी और एक निजी विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी।
पुलिस के अनुसार बुधवार को राजलक्ष्मी अपने दोस्तों के साथ होली का त्योहार मनाने बाहर गई थी। इस दौरान वह सामान्य और खुश नजर आ रही थी। रात करीब नौ बजे उसके दोस्त उसे कमरे तक छोड़कर लौट गए।
बताया जा रहा है कि करीब 15 मिनट बाद नीचे रहने वाले किरायेदार विमल भट्ट की बेटी हर्षिता किसी काम से ऊपर गई। जैसे ही उसने कमरे के अंदर देखा, वह चीख पड़ी। कमरे में राजलक्ष्मी पंखे से फंदा लगाकर लटकी हुई थी।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कमरे के दरवाजे की जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद लोगों ने राजलक्ष्मी को फंदे से नीचे उतारा और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
उसे आनन-फानन में कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।





