ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं चारखेत से लेकर नलनी- घटगढ़ के बीच में शराब की दुकान खुलने का विरोध कर जिला अधिकारी को सौपा ज्ञापन

रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला 

खुर्पाताल/नैनीताल। चारखेत से लेकर नलनी-घटगढ़ क्षेत्र के बीच प्रस्तावित शराब की दुकान को लेकर विरोध तेज हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों के साथ भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस फैसले के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपा।

भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हेम आर्या अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी से मिले और क्षेत्र में शराब की दुकान खोले जाने का कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने डीएम को अवगत कराया कि इस निर्णय को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और यह जनभावनाओं के विपरीत है।

गौरतलब है कि बजून-मंगोली क्षेत्र के पास शराब की दुकान खोलने का प्रस्ताव हाल ही में जारी किया गया था, जिसके बाद से ही चारखेत, नलनी और घटगढ़ सहित आसपास के गांवों में विरोध शुरू हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि 19 मार्च 2026 को प्रस्ताव सार्वजनिक होते ही जनप्रतिनिधियों द्वारा इसका विरोध किया गया था और विधायक को भी लिखित रूप में जानकारी दी गई थी, इसके बावजूद टेंडर प्रक्रिया जारी रखना जनभावनाओं की अनदेखी है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रस्तावित स्थान पर शराब की दुकान खोलने की अनुमति तत्काल निरस्त की जाए और टेंडर प्रक्रिया पर स्थायी रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र का सामाजिक माहौल खराब होगा, साथ ही महिलाओं की सुरक्षा और बच्चों के भविष्य पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा।

हेम आर्या ने भी प्रशासन से मांग की कि ग्रामीण क्षेत्रों में शराब की दुकानों के बजाय स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए, ताकि लोगों को इलाज के लिए हल्द्वानी न जाना पड़े।

उन्होंने सरकार से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस फैसले पर पुनर्विचार करने और दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की अपील की।

इस दौरान उमेश जोशी, अंकित, गोपाल रावत, गौरव गोस्वामी, मनोज पंत और नीरज सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  भीमताल : राम सिंह कैड़ा के मंत्री बनने की खुशी में ओखलकांडा में मिष्ठान वितरण
error: Content is protected !!