ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल में एलपीजी और ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु, अफवाह फैलाने और कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसएसपी मंजुनाथ टीसी

नैनीताल। मध्य एशिया में जारी तनाव के बीच एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक खबरों के बीच नैनीताल पुलिस और प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि जनपद में एलपीजी और ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है और किसी भी तरह की कमी नहीं है।

प्रशासन की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। सरकार के निर्देश पर मुख्य सचिव, डीजीपी और गृह सचिव द्वारा प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और आपूर्ति अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में स्पष्ट किया गया कि पूरे उत्तराखंड में दो से तीन सप्ताह से अधिक का एलपीजी स्टॉक पहले से मौजूद है।

इसके अलावा ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार सहित विभिन्न जनपदों में स्थित बड़े बॉटलिंग प्लांट्स में लगातार उत्पादन जारी है। उत्तराखंड अपनी जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ अन्य राज्यों को भी ईंधन की आपूर्ति कर रहा है।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि भय का माहौल बनाने वाले और स्थिति का अनुचित लाभ उठाने वाले डीलरों या एजेंसियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। यदि कोई डीलर या डिस्ट्रीब्यूटर कालाबाजारी, जमाखोरी या डाइवर्जन में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम (EC Act) तथा बीएनएस/बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही ऐसे संचालकों की डीलरशिप भी निरस्त की जाएगी।

ईंधन के ट्रकों और टैंकरों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस तस्करों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

जनपद में सुरक्षा और निगरानी को मजबूत करने के लिए थानों और सर्कल स्तर पर क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया गया है, जिसमें तहसीलदार, एसडीएम और सीओ शामिल हैं। ये टीमें गैस एजेंसियों का निरीक्षण करेंगी और आपूर्ति की स्थिति पर नजर रखेंगी। साथ ही पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों द्वारा पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर अनावश्यक बुकिंग न करें। यदि किसी को एलपीजी या ईंधन आपूर्ति से जुड़ी कोई समस्या होती है तो वे तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं।

नैनीताल पुलिस और प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जनता की सुरक्षा और आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें :  डीएसए नैनीताल के महासचिव बने मनोज जोशी, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
error: Content is protected !!