हल्द्वानी। प्रशासन ने अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए हाइडिल विभाग के काठगोदाम स्थित सेकेंडरी वर्क डिविजन कार्यालय में अचानक छापेमारी की।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान एक कर्मचारी कार्यालय में नशे की हालत में पाया गया।
जानकारी के अनुसार, कार्यालय सहायक दीपक बोरा के शराब पीकर दफ्तर आने की शिकायत प्रशासन को लगातार मिल रही थी।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। छापेमारी के दौरान दीपक बोरा कार्यालय में ही नशे की हालत में मौजूद मिले, जिससे शिकायत की पुष्टि हो गई।
मौके पर ही सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने कर्मचारी को कड़ी फटकार लगाई और विभागीय अनुशासन के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश जारी किए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यालयों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी संकेत दिए हैं कि भविष्य में इस तरह की औचक छापेमारी और सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि कार्यस्थल पर अनुशासन और पारदर्शिता बनी रहे।

