उधमसिंह नगर। सितारगंज क्षेत्र के नानकमत्ता स्थित ग्राम सिद्धा नवदिया में पुलिस की दबिश एक परिवार के लिए भारी पड़ गई। पाक्सो एक्ट के आरोपी की तलाश में पहुंची पुलिस कार्रवाई के दौरान 80 वर्षीय सुखदेव कौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मी घर में घुसकर महिलाओं से अभद्रता कर रहे थे और इसी दौरान धक्का-मुक्की में वृद्धा जमीन पर गिर गईं। आरोप है कि गिरने के बाद भी पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई और काफी देर बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गुस्साए स्वजन और ग्रामीण शव को लेकर नानकमत्ता कोतवाली पहुंच गए और गेट पर शव रखकर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई और दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग उठी। हालात बिगड़ते देख कई थानों की पुलिस और पीएसी बल मौके पर तैनात किया गया तथा कोतवाली गेट बंद करना पड़ा।
मौके पर पहुंचे विधायक गोपाल सिंह राणा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी। मृतका का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ कराया जाएगा।
करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। मृतका के परिजनों ने सादी वर्दी में आए पुलिसकर्मियों पर धक्का-मुक्की और लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

