कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने धारी ब्लॉक के गांवों में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
भीमताल। कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने रविवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक के अंतर्गत च्यूरीगाड़, कुलौरी और पुटगांव का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों का कुशलक्षेम जाना और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।
मंत्री कैड़ा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए गांव में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, संचार सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
राम सिंह कैड़ा ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान लेकर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और जिन समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
मंत्री के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं को सीधे उनके समक्ष रखने का अवसर मिलने पर आभार जताया।
कैड़ा ने कहा कि जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों के बीच निरंतर संवाद से ही क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को समझकर प्रभावी समाधान किया जा सकता है।



