ऊधमसिंह नगर। गदरपुर क्षेत्र में नशे की तस्करी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गदरपुर कोतवाली पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं यूनिट की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक किशोर को 112.3 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 33 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस पूछताछ में किशोर ने जो खुलासा किया, उससे पुलिस भी हैरान रह गई। नाबालिग ने बताया कि वह यह तस्करी अपने माता-पिता के कहने पर कर रहा था।
चेकिंग के दौरान घबराया किशोर
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि शनिवार देर शाम गदरपुर क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान करतारपुर रोड तिराहे की पुलिया के पास एक स्कूटी सवार किशोर को रोका गया। पुलिस को देखकर वह घबरा गया, जिससे संदेह गहरा गया।
संदेह के आधार पर तलाशी लेने पर स्कूटी की डिग्गी से 112.3 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
नाबालिग के खुलासे से पुलिस भी चौंकी
पूछताछ में किशोर ने बताया कि यह स्मैक उसके माता-पिता ने उसे दी थी और पुलिया के पास खड़े एक व्यक्ति को सौंपने के निर्देश दिए गए थे। जांच में सामने आया कि माता-पिता ही उससे नशे की तस्करी करवा रहे थे।
जिले का पहला केस, माता-पिता पर दर्ज मुकदमा
पुलिस ने नाबालिग को संरक्षण में लेते हुए उसके माता-पिता के खिलाफ बीएनएस की धारा 95 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह जिले का पहला मामला है, जिसमें माता-पिता के खिलाफ नाबालिग से अपराध करवाने का केस दर्ज किया गया है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।





