ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रामपुर।  रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव ड्यूटी पर जा रहे उत्तराखंड पुलिस के एक जवान की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।

मृतक की पहचान बागेश्वर निवासी हेड कांस्टेबल तारा सिंह (41) के रूप में हुई है, जो इंडियन रिजर्व बटालियन, रामनगर (नैनीताल) में तैनात थे।

जानकारी के अनुसार, तारा सिंह अपने साथियों के साथ पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में ड्यूटी के लिए रवाना हो रहे थे। गुरुवार देर रात वे भीलवाड़ा से रामपुर पहुंचे थे और हरिद्वार से आने वाली स्पेशल ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।

शुक्रवार सुबह जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुंची और वह उसमें सवार होने लगे, अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद साथियों और जीआरपी टीम ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जीआरपी प्रभारी ईश्वन चंद के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी रामपुर पहुंच गए। भतीजे सूरज सिंह ने बताया कि तारा सिंह को पहले कोई गंभीर बीमारी नहीं थी और उनकी अचानक मौत से पूरा परिवार सदमे में है। उनके परिवार में पत्नी, 17 वर्षीय बेटा और 11 वर्षीय बेटी हैं। उनके पिता शेर सिंह भारतीय सेना से सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं।

वहीं, विभाग की ओर से सहायता राशि की घोषणा की गई है। असिस्टेंट कमांडेंट बी.एस. भाकुनी ने बताया कि अंतिम संस्कार के लिए 20 हजार रुपये और तत्काल एक लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके अलावा, परिजनों को नियमानुसार पेंशन, ग्रेच्युटी, एक्सीडेंटल क्लेम तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि हेड कांस्टेबल तारा सिंह को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में एक ही दिन दो बड़े सड़क हादसे: दो टैम्पू ट्रैवलर पलटे, कई घायल, पांच की हालत गंभीर
error: Content is protected !!