ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। कुसुमखेड़ा स्थित रुद्र विहार में एक दवा दुकान संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच में कर्ज से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई है।

मृतक की पहचान 45 वर्षीय प्रकाश चंद्र महतोलिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी पिथौरागढ़ में गेस्ट टीचर के पद पर कार्यरत हैं और उनका पुत्र भी वहीं रहता है।

जानकारी के अनुसार, जब पत्नी अपने पुत्र के साथ पिथौरागढ़ से हल्द्वानी लौटीं तो उन्होंने प्रकाश को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब घर का दरवाजा खोला गया तो प्रकाश फर्श पर अचेत अवस्था में पड़े मिले, उनके मुंह से झाग निकल रहा था।

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि प्रकाश की अपनी पत्नी से आखिरी बार 8 अप्रैल को बातचीत हुई थी। साथ ही यह भी जानकारी मिली है कि उन पर बैंक का लगभग 50 से 55 लाख रुपये का मकान संबंधी कर्ज था।

क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के अनुसार, मौके से सल्फास बरामद हुआ है, जिससे जहर खाने की आशंका और मजबूत हो गई है।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और न्यायिक विज्ञान टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। शनिवार को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : विजिलेंस का भ्रष्टाचारियों पर प्रहार जारी, ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक 12 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार …
error: Content is protected !!