जयमाला के दौरान सिरफिरे आशिक की खौफनाक हरकत,स्टेज पर दुल्हन को मारी गोली
एक शादी समारोह के दौरान सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जयमाला से ठीक पहले दुल्हन को उसके कथित प्रेमी ने फिल्मी अंदाज में गोली मार दी।
गोली लगते ही दुल्हन मंच पर गिर पड़ी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल दुल्हन को अस्पताल ले जाया गया, जहां से वाराणसी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना : बिहार के बक्सर जिले में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा नगर पंचायत की है। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात चौसा पंचायत के मल्लाह टोला में नंद जी मल्लाह की बेटी आरती कुमारी की शादी समारोह चल रहा था। बारात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमनपुर गांव से आई थी। पूरे विधि-विधान के साथ विवाह की रस्में जारी थीं और जयमाला के लिए दुल्हन मंच पर पहुंच चुकी थी।
इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक दीनबंधु अचानक भीड़ में शामिल हुआ और मंच के पास पहुंचकर शर्ट के नीचे छिपी पिस्टल निकाल ली। किसी को कुछ समझ में आता, उससे पहले ही उसने आरती पर गोली चला दी। गोली आरती के पेट में लगी और वह लहूलुहान होकर मंच पर गिर पड़ी। मंच पर मौजूद लड़कियां चीखने लगीं—“आरती को गोली मार दी… आरती को गोली मार दी।”
फायरिंग के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। बाराती और ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घायल आरती को पहले बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। हालांकि वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही आरती की मौत हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी दीनबंधु (पिता रमाशंकर चौधरी) पिछले करीब दो वर्षों से आरती से प्रेम करता था और उसका घर भी लड़की के घर के पास ही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

