ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

मुनस्यारी गहना झपटमारी केस: हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज का MBBS छात्र और पैरामेडिकल छात्रा गिरफ्तार, कॉलेज में हड़कंप

हल्द्वानी। पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी क्षेत्र में महिला के गहने झपटने के मामले में हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र और एक पैरामेडिकल छात्रा की गिरफ्तारी से कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

पिथौरागढ़ पुलिस ने मुनस्यारी के बंगापानी क्षेत्र में 38 वर्षीय ममता देवी के गहने झपटकर फरार होने के आरोप में दिल्ली निवासी 25 वर्षीय सन्नी सिंह और पिथौरागढ़ निवासी 23 वर्षीय हिमानी बोरा को गिरफ्तार किया है।

जांच में सामने आया कि सन्नी हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस तृतीय वर्ष का छात्र है, जबकि हिमानी डीएमआरआईटी (रेडियो टेक्नीशियन) अंतिम वर्ष की छात्रा है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी छात्र 22 फरवरी से बिना वार्डन को सूचना दिए हॉस्टल से लापता था। छात्र के हॉस्टल से गैरहाजिर होने की जानकारी मिलने पर वार्डन डॉ. कुनाल शर्मा ने 23 फरवरी को उसके परिजनों से संपर्क किया था। परिजनों ने छात्र के घर नहीं पहुंचने की बात कही, इसके बावजूद गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई गई।

घटना के खुलासे के बाद कॉलेज प्रशासन ने चार गर्ल्स और चार बॉयज हॉस्टलों से गैरहाजिर छात्रों की रिपोर्ट तलब कर आंतरिक जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी छात्रा के बारे में बताया गया है कि उसने हाल ही में अपनी अंतिम परीक्षा दी थी और उसकी छह महीने की इंटर्नशिप अभी शेष है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार, छात्रा हॉस्टल में निवास नहीं करती थी।

मामले को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जीएस तितियाल ने स्पष्ट किया है कि सभी मेडिकल छात्रों की उपस्थिति की जांच की जा रही है। 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति पाए जाने पर संबंधित छात्र-छात्राओं को हॉस्टल से निष्कासित कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लापरवाही बरतने वाले छात्रों के परिजनों को भी नोटिस भेजे जा रहे हैं।

फिलहाल पूरे प्रकरण की आंतरिक जांच जारी है और कॉलेज प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कदम उठाने की तैयारी में है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में करंट का कहर: निर्माणाधीन भवन में हादसा, मजदूर झुलसा, पड़ोसी मकान में फैली बिजली से भारी नुकसान
error: Content is protected !!