ईरान सहित मध्य पूर्व में चल रहे तनाव के बीच देश में गैस आपूर्ति को लेकर चिंताओं के बीच झांसी से एलपीजी सिलेंडरों की बड़ी चोरी का मामला सामने आया है।
यहां 524 एलपीजी सिलेंडरों से लदा पूरा ट्रक चोरी हो गया। बाद में ट्रक झांसी के परीछा थर्मल पावर प्लांट के पास हाईवे किनारे खाली अवस्था में बरामद हुआ, जबकि सभी सिलेंडर गायब थे। चोरी हुए सिलेंडरों की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 2 मार्च की है। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के करारी प्लांट से 524 एलपीजी सिलेंडरों से भरा ट्रक कानपुर देहात के गजनेर क्षेत्र के लिए रवाना किया गया था। ट्रक चालक राजकुमार ने होली के त्योहार के कारण ट्रक को प्लांट के बाहर ही खड़ा कर दिया और घर चला गया। इसी दौरान अज्ञात बदमाश ट्रक चोरी कर ले गए।
कुछ दिनों बाद ट्रक झांसी के परीछा थर्मल पावर प्लांट के पास हाईवे किनारे खाली खड़ा मिला। जांच में सामने आया कि बदमाशों ने वाहन में लगे जीपीएस डिवाइस को भी तोड़ दिया था, जिससे ट्रक की लोकेशन ट्रैक न की जा सके।
ट्रक मालिक नीरज अग्रवाल ने सिपरी बाजार थाना में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
नीरज अग्रवाल के अनुसार ट्रक 2 मार्च को करारी प्लांट से सिलेंडरों के साथ रवाना हुआ था और 6 मार्च को सूचना मिली कि ट्रक खाली हालत में परीछा के पास मिला है।
फिलहाल पुलिस चोरी हुए सिलेंडरों की तलाश में जुटी है, लेकिन घटना के तीन दिन बाद भी सिलेंडर बरामद नहीं हो पाए हैं।





