ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। शहर के चर्चित चंदन हॉस्पिटल में सोमवार को एक बार फिर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब आईसीयू में भर्ती एक मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई।

परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस की मध्यस्थता के बाद मामला शांत हुआ।

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि घटना गलतफहमी के कारण हुई। हॉस्पिटल के प्रबंधक के अनुसार आईसीयू में दो मरीज पास-पास भर्ती थे, जिनमें से एक की मौत हो गई।

इसी दौरान परिजनों में भ्रम की स्थिति बन गई और उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया।

पहले भी हो चुका है विवाद

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने भी इसी अस्पताल में एक महिला मरीज की मौत के बाद विवाद हुआ था। आरोप लगा था कि अस्पताल प्रशासन ने बिल भुगतान को लेकर शव परिजनों को देने में देरी की। उस समय मामला पुलिस हस्तक्षेप के बाद सुलझा था।

बताया गया था कि परिजनों ने पहले ही 53 हजार रुपये जमा कर दिए थे और शेष राशि को लेकर विवाद हुआ था, जिसे बाद में समायोजित कर मामला निपटाया गया।

बढ़ते विवादों पर उठ रहे सवाल

लगातार दूसरी बार अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामे की घटना सामने आने से स्वास्थ्य सेवाओं की पारदर्शिता और अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

हालांकि वर्तमान मामले में अस्पताल प्रबंधन ने किसी भी प्रकार की लापरवाही से इनकार किया है और इसे केवल गलतफहमी बताया है।

पुलिस ने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है और किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों के तबादले, देहरादून–हरिद्वार समेत कई जिलों में नए एसएसपी
error: Content is protected !!