देहरादून। केंद्र सरकार ने कर हस्तांतरण (Tax Devolution) के तहत उत्तराखंड को 1,244 करोड़ रुपये जारी किए हैं। राज्य सरकार ने इसे प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण वित्तीय सहयोग बताते हुए कहा है कि इस राशि से चल रही विकास योजनाओं को गति मिलेगी और नई परियोजनाओं को भी समयबद्ध तरीके से शुरू किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार द्वारा जारी इस धनराशि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए लगातार सहयोग प्रदान कर रही है, जिसका लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर हस्तांतरण के माध्यम से प्राप्त यह राशि राज्य की वित्तीय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। इससे सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत ढांचे के विकास और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। साथ ही पहले से संचालित परियोजनाओं को गति देने के अलावा नई विकास योजनाओं को भी शुरू करने में आसानी होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनहित और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपलब्ध संसाधनों का पारदर्शी और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करेगी। सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों सहित सभी जिलों तक समान रूप से पहुंचे तथा प्रत्येक नागरिक को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और राज्य की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति को नई दिशा मिलेगी।


