ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान को बड़ी सफलता, 62 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
नैनीताल पुलिस का नशे के खिलाफ प्रहार, SOG व मुखानी पुलिस ने पकड़ी 207 ग्राम स्मैक
SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशों पर नशा तस्करों पर शिकंजा
हल्द्वानी। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन को सफल बनाने के उद्देश्य से डॉ. मंजूनाथ टी.सी., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के कड़े निर्देशों पर जनपद में मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में SOG व थाना मुखानी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई।
दिनांक 15.01.2026 को मुखानी क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने 02 स्मैक तस्करों को कुल 207 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 62 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण निम्नवत है—
धनपाल पुत्र रामसहाय, निवासी जवाहर ज्योति दमुवाढुगा, थाना काठगोदाम, जनपद नैनीताल — 125 ग्राम स्मैक बरामद
रामचन्द्र पुत्र लीलाधर, निवासी भेटाखास, थाना कटरा, तहसील तिलहर, जनपद शाहजहांपुर (उ.प्र.) — 82 ग्राम स्मैक बरामद
दोनों अभियुक्तों के कब्जे से कुल 207 ग्राम स्मैक बरामद कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना मुखानी में NDPS Act के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे स्मैक के आदी हैं तथा अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए स्मैक लाकर उसकी बिक्री करते थे।
नैनीताल पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी प्रकार सख्ती से जारी रहेगा।





