ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज: पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार, मैदानी जिलों में येलो अलर्ट

देहरादून/नैनीताल। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस और पर्वतीय क्षेत्रों में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरे की भी संभावना जताई गई है। बारिश का दौर थमने के बाद कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।

तेज हवाओं को लेकर मौसम विभाग ने देहरादून, पौड़ी और नैनीताल जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों पर सतर्क रहने, हल्के ढांचों, होर्डिंग्स और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी गई है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी से तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ने के आसार हैं। खासकर सुबह और रात के समय ठिठुरन अधिक महसूस की जा सकती है।

यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह

बर्फबारी वाले क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। फिसलन और मार्ग बाधित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। वहीं किसानों और बागवानों के लिए यह बारिश फसलों के लिहाज से आंशिक रूप से लाभकारी मानी जा रही है।

घना कोहरा छाने की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी और नैनीताल जनपदों के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है। मंगलवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 24.4 और न्यूनतम 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर में अधिकतम तापमान 24.4 और न्यूनतम 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 12.5 और न्यूनतम 2.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि नई टिहरी में अधिकतम 14.6 और न्यूनतम 3.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मैदानों में भी दिखा असर

पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बारिश और बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिला। आंशिक बादलों के बीच धूप निकलने से दिन में हल्की गर्माहट रही। वहीं मसूरी में हुई भारी ओलावृष्टि के कारण सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कई स्थानों पर जाम लग गया।

मसूरी के मसराना क्षेत्र में ओलावृष्टि के चलते करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे उत्तरकाशी, टिहरी और धनोल्टी जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ओलावृष्टि के बाद मसूरी में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है।

बद्रीनाथ-केदारनाथ में बर्फ की चादर

बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में बीते दिनों हुई कई दौर की बर्फबारी के चलते करीब तीन फीट तक बर्फ जम गई है। तेज धूप निकलने के बाद केदारनाथ धाम और आसपास की पहाड़ियां चांदी की तरह चमक उठीं, जिससे धाम का नजारा बेहद मनमोहक हो गया है।

यह भी पढ़ें :  एनयूजे उत्तराखण्ड ने पुलिस अधीक्षकों को लिखा पत्र, वेब न्यूज़ पोर्टल व संचालक पर एफआईआर दर्ज करने की मांग

You missed

error: Content is protected !!