ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

मां की आंखों के सामने उजड़ा बचपन, गुलदार के हमले में 5 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

रुद्रप्रयाग।  सिंद्रवाणी गांव में गुलदार के हमले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार शाम घर के सामने से गुलदार द्वारा उठाए गए 5 वर्षीय मासूम दक्ष पुत्र हेमंत बिष्ट का शव देर रात करीब 11 बजे जंगल से बरामद किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी प्रतीक जैन के निर्देशन एवं एसडीएम रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी के नेतृत्व में बड़े स्तर पर सघन सर्च अभियान चलाया गया।

इस अभियान में वन विभाग की 3 टीमें, डीडीआरएफ की 2 टीमें, एसडीआरएफ की 1 टीम, पुलिस और प्रशासन की कुल 6 टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एसडीएम रुद्रप्रयाग, डीडीएमओ, एसडीओ वन विभाग, कोतवाली प्रभारी और जिला सूचना अधिकारी स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहे और अभियान की निगरानी करते रहे। लगातार प्रयासों के बाद देर रात जंगल से बच्चे का शव बरामद किया गया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

एसडीएम सोहन सिंह सैनी ने बताया कि गुलदार के संभावित खतरे को देखते हुए ग्रामीणों की राय के अनुसार क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर पिंजरे लगाए जाएंगे तथा वन विभाग की गश्ती टीमें लगातार निगरानी रखेंगी।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। गुलदार के खतरे को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी द्वारा आसपास के विद्यालयों में एहतियातन दो दिनों का अवकाश घोषित किया गया है।

इस दुखद घटना से गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है।

बड़ी संख्या में ग्रामीण, आसपास के गांवों के लोग और जनप्रतिनिधि भी प्रशासन की टीमों के साथ सर्च अभियान में लगातार जुटे रहे।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में स्कूल बसों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 135 के चालान, 10 बसें सीज
error: Content is protected !!