ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल खुलते ही स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) के निर्देशन में विभाग की अलग-अलग टीमों ने शहरभर में स्कूल बसों का सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाली स्कूल बसों पर कड़ी कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान कुल 135 स्कूल बसों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 10 स्कूल बसों को सीज कर दिया गया। अधिकारियों ने बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी, आपातकालीन निकास, चालक के दस्तावेज तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की।

संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे ने बताया कि सभी विद्यालयों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूल बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने से बचें और परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

उन्होंने कहा कि यदि किसी स्कूल वाहन में भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि स्कूली बच्चों को सुरक्षित और व्यवस्थित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

यह भी पढ़ें :  जिला पंचायत नैनीताल का 14 करोड़ का बजट पारित, विकास कार्यों के लिए 11 करोड़ का प्रावधान

You missed

error: Content is protected !!