नैनीताल सात नंबर स्थित आल्मा कॉटेज क्षेत्र में बारिश के बाद लगातार बढ़ रहे भूधंसाव को देखते हुए एसडीएम नवाजिश खलिक पहुंचे निरीक्षण करने
रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल। नगर के सात नंबर स्थित आल्मा कॉटेज क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच बढ़ते भूधंसाव ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। देर रात हुए भूस्खलन के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र का निरीक्षण किया। एसडीएम नवाजिश खलिक ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और आवश्यक सुरक्षा एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जोखिम वाले भवनों में रह रहे परिवारों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। साथ ही सिंचाई विभाग को तत्काल बचाव कार्य शुरू करने तथा लोनिवि समेत अन्य विभागों को समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
गौरतलब है कि आल्मा कॉटेज क्षेत्र में पिछले वर्ष से ही सड़क और पहाड़ी पर दरारें पड़नी शुरू हो गई थीं। मूसलाधार बारिश के दौरान सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी और पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसककर नाले में जा गिरा था। उस समय स्थायी सुरक्षा कार्य नहीं होने के कारण इस मानसून में एक बार फिर भूधंसाव तेज हो गया है।


