ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देवर पर विधायक पुत्र पार्षद तथा पुलिस की मिलीभगत से मकान पर कब्जे का आरोप लगाते हुए रूद्रपुर के आवास विकास निवासी महिला पेट्रोल लेकर आत्महत्या को एसएसपी कार्यालय पहुंच गई।
इसका पता चलते ही पुलिस और खुफिया कर्मी सतर्क हो गए महिला पुलिस कर्मियों की मदद से उसे पकड़कर एसपी सिटी के पास ले गए।

जहां महिला की शिकायत सुनकर एसपी सिटी ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। महिला ने चेतावनी दी कि मकान से कब्जा नहीं हटाया तो वह एसएसपी कार्यालय में आत्महत्या करेगी।

शनिवार को आवास विकास निवासी राज बाला जैन बोतल में पेट्रोल लेकर आत्महत्या के लिए एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। इसका पता चलते ही पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

आनन फानन में हरकत में आई पुलिस और खुफिया कर्मियों ने महिला पुलिस की मदद से राज बाला जैन को पकड़ा और सीधे एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी के समक्ष ले गए।

जहां पर एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, सीओ पंतनगर डीआर वर्मा, थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप मोहन पांडे को राज बाला जैन ने बताया कि उसके साथ देवर का परिवार 28 साल तक रहा।

बाद में उन्होंने जयनगर दिनेशपुर और ट्रांजिट कैंप के आनंद विहार में मकान बना लिया। तीन साल पहले देवर परिवार के साथ रहने के लिए आनंद विहार कालोनी ट्रांजिट कैंप चला गया।

आरोप लगाया कि अब उसका देवर उसके मकान पर कब्जा करना चाहता है। जिसके चलते उनके बीच विवाद चल रहा है और मामला कोर्ट में भी चल रहा है।

शुक्रवार को आवास विकास चौकी पुलिस ने उसे चौकी बुलाया था। जब वह चौकी पहुंची तो देवर ने आवास विकास के पार्षद और किच्छा विधायक के पुत्र की मदद से आवास विकास पुलिस की मिलीभगत से उसके मकान का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया। राज बाला जैन ने उसे मकान पर कब्जा दिलाने की मांग की।

चेतावनी दी कि मकान पर कब्जा नहीं दिलाया तो वह एसएसपी कार्यालय में आत्महत्या करेगी। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि महिला से शिकायती पत्र देने को कहा है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : रामसेवक सभा प्रांगण में राधा-कृष्ण के विहंगम नृत्य नाटिका का मंचन
error: Content is protected !!